Saturday, November 28, 2009

आग्रह

-----------


गुजर चुकी हैं
कौशाम्बी और नालंदा की सभ्यताएं ,
बीत गया है
मौर्य और गुप्त वंशों का स्वर्ण-काल ,
और मिट गया है
आदिमयुगीन ताम्र-युग |

फिर घोर उद्योगवाद के दौर में
अयोध्या को पाषाण-युग में कैद कर
आपकी पथराई सोच
चाहती क्या है ?

कृपा करो अयोध्या पर !!
वह आजाद होना चाहती है
अतीत के बियाबान से |

---------

Wednesday, November 25, 2009

नींद को


जब स्वप्नदृष्टा दुनिया
मसरूफ होती है
स्वप्नों की और स्वप्नों सी रंगीनियों में ,
तब देखकर मैं
पल-पल गुजरता वक़्त ,
इंतज़ार किया करता हूँ
तुम्हारे आगमन का |

जानता हूँ,तुम नहीं आओगी
और न ही बुलाओगी ,
इसीलिये सुनने लगता हूँ
तुम्हारे लिए सुरक्षित रखा
मोजार्ट का संगीत ;
पढ़ने लगता हूँ
नए-पुराने उपन्यास;
दोहराता हूँ गिनतियाँ
पहले सीधी फिर उलटी ;
और सोचने लगता हूँ
पतझड़ का पेड़/टूटता कनेर,
झूलती रस्सी/डूबती बस्ती ,
अवन्ती,अनाम/भूला हुआ नाम,
बढ़ता उधार/नवीं कक्षा का प्यार |

इसी तरह, सोच-सोचकर
तुम्हें बुलाने के नए तरीके,
खो जाना चाहता हूँ
कई छोर जोड़कर बनी
खयालों की जंजीरों में ;

और मेरे इन तमाम प्रयासों के बावजूद
जब नहीं आती हो तुम ,
तो जानती हो
खा लेता हूँ दो-चार गोलियाँ,
पटक लेता हूँ दीवार पर सर,
और आखिर में
लिख लिया करता हूँ
कुछ बेरहम कवितायें,
आधी रात को ;
जो धारण कर रौद्र रूप
मारा करती हैं
दिन भर |

कुछ इस तरह के बन गए हैं
आजकल के दिन,
और आजकल की रातें,
और महसूस कर रहा हूँ तुम्हारी जरूरत
पलकर अभाव में
तुम्हारे |

-----------

स्वाभिमान--(निजता का बोध)


नयनाभिराम बन जाते हो,
प्रभु शीशों को तुम भाते हो ;
शत-शत जन को पुनरपि-पुनरपि
मोहित करते जाते हो |

तुम पुष्प बनो और महको तुम ,ये गौरव तुम्हें मुबारक हो;
मैं कंटक हूँ,मर्यादित हूँ,है कंटक बन अभिमान मुझे ||

१-
म्रदु हाथों से पाला जाये,
और गहनों में ढाला जाये ;
फिर नवयौवन की सूरत के
अंगों में डाला जाये |

तुम स्वर्ण बनो और दमको तुम,ये आभा तुम्हें मुबारक हो,
मैं लौह बन क्षुधा मिटाऊं यदि,लोहा बन तब अभिमान मुझे ||

२-
युग-युग से अपना नाता है,
पर नभ तुमको छू जाता है ;
हिम खण्डों पर बसे-बसे
जग तुमको कब पाता है |

तुम गिरि बने अप्राप्य रहो,ये स्थिरता तुम्हें मुबारक हो,
मैं सरिता हूँ और बहती हूँ,सरिता बनकर अभिमान मुझे ||

३-
लहरें स्वप्नों की आती होगी,
सुन्दरता जग की भाती होगी ;
उस सुरभित प्रवास में बस
असफलता कब आती होगी |

तुम सफल बने लवलीन रहो,ये उन्नतता तुम्हें मुबारक हो,
मैं राही हूँ,भटकूँगा भी,राही बनकर अभिमान मुझे ||

४-
जब नवचेतना जगाती होगी,
रणदुन्दुभी बजाती होगी ;
वातासों में जब लिपट-लिपट
रक्तों की बू आती होगी |

ऐसे में यदि तुम हास करो,तो मुस्कानें तुम्हें मुबारक हों,
मैं युद्धभूमि की धूलि बनूँ ,कुचले जाकर अभिमान मुझे ||


--

Wednesday, October 21, 2009

आवागमन


वे गहन वेदना के क्षणों में,
और गूंजते सन्नाटों में ,
अक्सर ढूँढा करती हैं
हमारी खुशियाँ |

जब वे जिया करती हैं
मिलने की तीव्र उत्कंठा लिए.
तब हम होते हैं
जल्दबाजी में ;
बघारते हैं
एक से बढ़कर एक थ्योरी ,
और भर देते हैं कूडेदान
बीमारी लिए अनेकानेक लिफाफों से |

जब वे लुटाना चाहती हैं
बेहिसाब प्यार,
तब हम ढूँढ रहे होते हैं
खुशियाँ ईजाद करने के नए तरीके ;
हमारी आँखों में होती हैं
कैबरे नाचती लड़कियां ,
और होठों पर रहती है
एक झूठी मुस्कान |

हम खा रहे होते हैं
ग्रीन वैली के रेस्तराँ में चिकन-पुलाव,
और रुक-रुक कर लेते हैं
शैम्पेन के घूँट ,
तब घोर अंधकारमय रातों में
वे रोटियाँ बेलते हुए
फूंकती हैं चूल्हे ,
और  रोक लिया करती हैं 
अश्रुपूर्ण नयनों को किसी तरह बरसने से  |

बचपन की पुचकार,दुलार,चुम्बन
और कंपकंपाती रातों में
छाती से चिपककर गुजारे दिन ;
सब भुला देते हैं हम
महान बनने की प्रक्रिया में |

एक दिन
जागते हैं हम
सदियों की निद्रा से,
और अर्द्ध-रात्रि में
देखे सपने की तरह
जब उतरते हैं चमचमाती कारों से,
तब वे
अपनी पथराई आँखों में समाये सपने साकार करने
और देखने हमें
प्रतिक्षण,प्रतिपल
एक सुदूर जहान को
कर चुकी होती हैं
गमन |