Monday, April 12, 2010

त्रिवेणीनुमा कुछ

कैमरे छिपे हुए हैं हर शहर हर गली,
और जंगलों में आजकल रहते हैं नक्सली |

बसंती परेशान है, मिले तो कहाँ मिले ||

Thursday, February 11, 2010

उद्विग्न-व्याकुलता

मेघ पुनः संदेशा लाए,
मग में कोई नयन बिछाए |
कैसे आऊँ द्वार तुम्हारे ,
तेरे-मेरे नेह के पथ में
घिर आते हैं जग के साए |

निशा गयी और प्रात हुआ अब,स्वप्न-आकृति छूटी मन की |
एक-दूसरे से मिल न सके , यह विडम्बना है जीवन की ||

धूसर दिवस आज प्रिय तुम बिन,
विप्लव की बेला में दुर्दिन |
मुखर मौन संकेत बताते ,
अश्रुपूर्ण सारी रातों भर
विरहा मन रहता है खिन ||

ज्ञान सुप्त है, क्रिया नहीं कुछ, इच्छा क्यों पूरी हो मन की |
एक-दूसरे से मिल न सके , यह विडम्बना है जीवन की ||

अमराई की रुत गयी अब ,
संवेदन के भ्रम-जाल थे सब |
मोती पृथक-पृथक होना ही था
फैली माला टूट गयी जब |

भूले खग की नियति अभागी,फिर क्यों छाँव मिले मधुबन की |
एक-दूसरे से मिल न सके , यह विडम्बना है जीवन की ||

Saturday, November 28, 2009

आग्रह

-----------


गुजर चुकी हैं
कौशाम्बी और नालंदा की सभ्यताएं ,
बीत गया है
मौर्य और गुप्त वंशों का स्वर्ण-काल ,
और मिट गया है
आदिमयुगीन ताम्र-युग |

फिर घोर उद्योगवाद के दौर में
अयोध्या को पाषाण-युग में कैद कर
आपकी पथराई सोच
चाहती क्या है ?

कृपा करो अयोध्या पर !!
वह आजाद होना चाहती है
अतीत के बियाबान से |

---------

Wednesday, November 25, 2009

नींद को


जब स्वप्नदृष्टा दुनिया
मसरूफ होती है
स्वप्नों की और स्वप्नों सी रंगीनियों में ,
तब देखकर मैं
पल-पल गुजरता वक़्त ,
इंतज़ार किया करता हूँ
तुम्हारे आगमन का |

जानता हूँ,तुम नहीं आओगी
और न ही बुलाओगी ,
इसीलिये सुनने लगता हूँ
तुम्हारे लिए सुरक्षित रखा
मोजार्ट का संगीत ;
पढ़ने लगता हूँ
नए-पुराने उपन्यास;
दोहराता हूँ गिनतियाँ
पहले सीधी फिर उलटी ;
और सोचने लगता हूँ
पतझड़ का पेड़/टूटता कनेर,
झूलती रस्सी/डूबती बस्ती ,
अवन्ती,अनाम/भूला हुआ नाम,
बढ़ता उधार/नवीं कक्षा का प्यार |

इसी तरह, सोच-सोचकर
तुम्हें बुलाने के नए तरीके,
खो जाना चाहता हूँ
कई छोर जोड़कर बनी
खयालों की जंजीरों में ;

और मेरे इन तमाम प्रयासों के बावजूद
जब नहीं आती हो तुम ,
तो जानती हो
खा लेता हूँ दो-चार गोलियाँ,
पटक लेता हूँ दीवार पर सर,
और आखिर में
लिख लिया करता हूँ
कुछ बेरहम कवितायें,
आधी रात को ;
जो धारण कर रौद्र रूप
मारा करती हैं
दिन भर |

कुछ इस तरह के बन गए हैं
आजकल के दिन,
और आजकल की रातें,
और महसूस कर रहा हूँ तुम्हारी जरूरत
पलकर अभाव में
तुम्हारे |

-----------